मिशन शक्ति 5.0 के तहत पालिका की महिलाओं को किया गया सम्मानित.

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पालिका कार्यालय में कार्यरत महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी प्रज्ञा सिंह ने संयुक्त रूप से महिला कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किए। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल महिलाओं के कार्यों की सराहना करना था, बल्कि उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना भी रहा।

कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी प्रज्ञा सिंह ने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका में कार्यरत महिला कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कर रही हैं, जो अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी महिलाओं को भविष्य में भी इसी प्रकार कार्य करते रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने भी अपने संबोधन में महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति जैसे अभियान महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस प्रकार के आयोजनों से महिलाओं का मनोबल बढ़ता है और उन्हें अपने कार्यों के प्रति और अधिक जिम्मेदारी का एहसास होता है।

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की समस्या का सामना करने के लिए साहसपूर्वक आगे आने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित महिलाओं ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए अपने कर्तव्यों को और अधिक समर्पण के साथ निभाने का संकल्प लिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts