पूर्व सॉलिसिटर जनरल हरीश साल्वे ने संविधान (130वां संशोधन) विधेयक 2025 का समर्थन करते हुए कहा कि यह बिल्कुल उचित है कि कोई भी नेता जेल में रहते हुए सचिवालय का संचालन न करे। उन्होंने हवाला डायरी प्रकरण का उदाहरण देते हुए याद दिलाया कि उस समय कई नेताओं ने आरोप लगने पर खुद ही इस्तीफा दे दिया था। साल्वे ने स्पष्ट किया कि यह विधेयक नेताओं को अयोग्य घोषित नहीं करता, बल्कि केवल उन्हें जेल से ऑफिस चलाने से रोकता है। उनका कहना था कि राजनेताओं को खुद को विशेष मानने की आदत छोड़नी होगी और यह कानून लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करेगा।























































