मुजफ्फरनगर। राष्ट्र की आन, बान और शान के प्रतीक तिरंगे के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने मुजफ्फरनगर स्थित अपने आवास पर ससम्मान राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से संचालित ‘हर घर तिरंगा’ महाभियान के अंतर्गत किया गया।
इस अवसर पर कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की गौरवशाली सभ्यता, स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानों और वीर शहीदों की तपस्या का प्रतीक है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रनिष्ठा की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के तीनों रंग और मध्य में अंकित अशोक चक्र प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों, त्याग, साहस और निरंतर कर्मशील रहने की प्रेरणा देते हैं।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन पर्व है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ विश्व पटल पर नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रनिर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ महाभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को एक सूत्र में जोड़ने वाला जन-आंदोलन है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगे की शान में ही भारत की शान है और इसकी गरिमा में देश की राष्ट्रीय अस्मिता निहित है। इस दौरान उन्होंने देशवासियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागी बनने का संदेश दिया।























































