बांदा में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरतते हुए प्रशासन, पुलिस व परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने जजी तिराहे पर सघन जांच अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक, एआरटीओ प्रशासन, सीओ ट्रैफिक, पीटीओ एवं यातायात प्रभारी द्वारा किया गया। दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट, ट्रिपल सवारी व मोबाइल पर बात करते पाए जाने पर लगभग 90 चालान काटे गए, वहीं चार पहिया वाहनों पर सीट बेल्ट न पहनने और काली फिल्म चढ़ी होने के कारण 7 चालान किए गए। जिलाधिकारी द्वारा हाल ही में आयोजित बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि कोई भी वाहन बिना सुरक्षा मानकों के कार्यालयों में प्रवेश न कर सके। इसी के तहत प्रतिदिन विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। सुरक्षित यात्रा से ही हम अपने घर व परिवार के पास सुरक्षित लौट सकते हैं।















