शाहपुर क्षेत्र के गांव दूल्हेरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को चौधरी अजीत सिंह डिजिटल स्केल लैब का उद्घाटन हुआ। शिक्षा अधिकारी संजय भारती ने फीता काटकर इस स्मार्ट क्लास की शुरुआत की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य विजय चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम को शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा प्रणाली बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इसे बच्चों के भविष्य को संवारने वाली पहल बताया और विद्यालय प्रबंधन के साथ-साथ ग्रामवासियों के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विपिन कुमार, अरविंद कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। स्मार्ट क्लास की शुरुआत से अब विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और रोचक बन सकेगी। यह पहल गांव के बच्चों के लिए न केवल तकनीकी रूप से सशक्त भविष्य की दिशा में कदम है, बल्कि ग्रामीण शिक्षा के स्तर को भी ऊंचा उठाने का प्रयास है।















