जयपुर नगर निगम ग्रेटर मुख्यालय पर महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल से जरूरतमंदों के चेहरे पर खुशी लाई जा सकती है। इस पहल के तहत 8 स्थानों पर मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जहां लोग पुराने और अनुपयोगी सामान जैसे कपड़े, जूते, खिलौने, किताबें, फर्नीचर, और अन्य वस्तुएं दान कर सकते हैं। इन केन्द्रों में एकत्रित सामान का वर्गीकरण किया जाएगा और उसे जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा।
महापौर ने बताया कि केन्द्रों का संचालन सोमवार से शनिवार तक प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। कलेक्शन ड्राइव के दौरान महापौर ने खुद भी पुराने कपड़े और अन्य सामान दान किए। इस ड्राइव में 587 जोड़ी कपड़े, जूते, स्वेटर, शॉल, खिलौने आदि जमा किए गए, जो आंगनवाड़ी केंद्रों और जरूरतमंदों तक पहुंचाए जाएंगे।इस अभियान ने समाज में दान और सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया है और सद्भावना का संदेश फैलाया है। कई स्कूलों और आम लोगों ने भी इस पहल में भाग लिया और सामान दान किया।















