मुजफ्फरनगर। भारत स्काउट एवं गाइड के राष्ट्रीय मुख्यालय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने जनपद में संचालित ग्रीन स्किल प्रोजेक्ट का गहन निरीक्षण किया। यह निरीक्षण राष्ट्रीय मुख्यालय के निदेशक अमर बी क्षेत्री, प्रादेशिक मुख्य आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार तथा जिलाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष भारत स्काउट एवं गाइड उमेश मिश्रा के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गुड़ मंडी समिति, पार्क, गौशाला, गांधी वाटिका में आयोजित पोस्टर एवं प्रोजेक्ट प्रदर्शनी, वृक्षारोपण गतिविधियों तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया। जिला मुख्य आयुक्त डॉ. कंचन प्रभा शुक्ला ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर संचालित इस परियोजना के लिए उत्तर प्रदेश से केवल सोनभद्र और मुजफ्फरनगर का चयन किया गया है तथा एक दिवसीय गहन निरीक्षण के लिए मुजफ्फरनगर को चुना गया।
सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त अमित कुमार ने ग्रीन स्किल प्रोजेक्ट के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि प्रोजेक्ट इंचार्ज गुंजन चौधरी ने परियोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उप निदेशक स्काउट्स अरूप सरकार और एसओसी एनसी एस. प्रसन्ना श्रीवास्तव ने पर्यावरण संरक्षण को वैश्विक आवश्यकता बताते हुए स्काउट-गाइड्स की भूमिका पर जोर दिया। फिलीपींस से आई अंतरराष्ट्रीय निरीक्षक केट एरन्जामैडेज ने परियोजना की गतिविधियों की सराहना करते हुए मुजफ्फरनगर प्रवास को यादगार बताया। सहायक निदेशक प्रोजेक्ट बाबलू गोस्वामी ने परियोजना के भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। निरीक्षण दल ने एस.डी. पब्लिक स्कूल में स्थापित कम्पोस्ट यूनिट का भी निरीक्षण किया और अंतिम चरण में शुक्रताल गंगा घाट पर चल रहे स्वच्छता अभियान का अवलोकन किया, जहां गंगा सेवा समिति में कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन भारत भूषण अरोड़ा ने किया तथा अंत में विजय कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न पदाधिकारी, प्रधानाचार्य, स्काउट-गाइड्स, रोवर-रेंजर्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
























































