मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें औद्योगिक विकास, आधारभूत सुविधाओं और उद्यमियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में एजेंडा के विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में जानसठ रोड स्थित नैराना विद्युत सब-स्टेशन की 500 मीटर लिंक रोड के निर्माण तथा पोल शिफ्टिंग का मामला प्रमुखता से उठाया गया। एनएचएआई के प्रतिनिधि ने बताया कि दोनों कार्यों के प्रस्ताव मुख्यालय को भेज दिए गए हैं और स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। वहीं, वहलना चौक के पास बीके टाइल्स के निकट लिंक रोड निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा।जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि उद्यमियों के साथ प्रत्येक माह बैठक कर बिजली संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए। धंधेड़ा रोड से औद्योगिक क्षेत्र तक जाने वाली सड़क के चिन्हांकन की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम लच्छेड़ा में मिल्टेक इंडस्ट्रीज के सामने नए बिजली के पोल लगाकर विद्युत लाइन ऊंची करने के कार्य में तेजी लाने को भी कहा गया।
बैठक में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में हुए प्लेसमेंट की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही औद्योगिक संगठनों से एमडीए और नगर पालिका के सहयोग से औद्योगिक क्षेत्रों के मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण में सहभागिता करने का आह्वान किया गया। एक जनपद एक व्यंजन योजना की भी समीक्षा करते हुए पात्र व्यक्तियों से अधिकाधिक आवेदन कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा न्यूनतम मजदूरी के प्रभावी अनुपालन, बंधुआ श्रम की रोकथाम, ईंट भट्ठा श्रमिकों की शिकायतों के निस्तारण तथा ईएसआईसी अस्पताल निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, सहायक श्रम आयुक्त देवेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
























































