दिशा बैठक में विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश.

मुजफ्फरनगर विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता सांसद हरेंद्र मलिक ने की। बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए।

बैठक में सड़क एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों पर विशेष जोर दिया गया। लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लंबित सड़कों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका अधिकारियों से कहा गया कि बरसात से पहले शहर के नालों की सफाई तथा गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत कराई जाए, ताकि नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों को शीघ्र दुरुस्त कराने और हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने पर बल दिया गया।

कृषि और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मनरेगा योजनाओं की समीक्षा की गई। मनरेगा के अंतर्गत मानव दिवस बढ़ाने तथा अमृत सरोवर सहित जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी पात्र परिवारों के कार्ड बनाने तथा सरकारी विद्यालयों में कायाकल्प योजना के अंतर्गत मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्यालयों के नियमित निरीक्षण के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में अवैध रूप से हरे-भरे फलदार पेड़ों की कटाई की शिकायतों पर जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वृक्षारोपण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्राम सभाओं की भूमि चिन्हित कर पौधारोपण कराने और पौधों की सुरक्षा हेतु बाउंड्री वॉल बनवाने पर जोर दिया गया। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता अनुसार क्षमता वृद्धि करने के निर्देश मिले। पशु चिकित्सालयों में डॉक्टरों की उपलब्धता, गौशालाओं में चारे, पानी, टिनशेड, टीकाकरण और बीमार पशुओं के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि सभी निर्देशों का समयबद्ध पालन कराया जाएगा। इस अवसर पर राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप समेत जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts