जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार पर सख्त हुए सीएमओ,

मुजफ्फरनगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला चिकित्सालय में मरीजों, किसानों और आमजन से कथित रूप से सुविधा शुल्क वसूले जाने तथा शोषण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार, दलाली, लापरवाही या मरीजों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन तोमर के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर द्वारा जिला चिकित्सालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं, भ्रष्टाचार और आमजन को हो रही परेशानियों की शिकायत उनके संज्ञान में लाई गई थी, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से कार्रवाई शुरू की गई। इसी क्रम में जिला चिकित्सालय परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय वर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. नवनीत बंसल, डॉ. संदीप रंजन, फार्मासिस्ट हारून, फार्मासिस्ट राजीव गोयल सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक में डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप मरीजों को पारदर्शी, सम्मानजनक और निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी कर्मचारी अथवा बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता सुविधा शुल्क वसूली, भ्रष्टाचार या मरीजों के शोषण में पाई जाती है तो उसके खिलाफ जांच कराकर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और कठोर विभागीय कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। सीएमओ ने यह भी निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में अनुशासन, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि स्वास्थ्य विभाग के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत बना रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts