पिन्ना बाईपास पर दर्दनाक हादसा, कार ट्रक से टकराई, दो की मौत, महिला गंभीर.

मुजफ्फरनगर के पिन्ना बाईपास स्थित चरथावल कट के पास सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद स्विफ्ट कार में अचानक आग लग जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार जलालाबाद से मेरठ की ओर जा रही स्विफ्ट कार संख्या यूपी 19 डब्ल्यू 3325 सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक संख्या यूपी 20 एटी 7840 से पीछे से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक हादसे से करीब 10 से 15 मिनट पहले ही खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा किया गया था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

कार में सवार नाजिम पुत्र सलीम, रजिया पत्नी अलीम तथा नाजो पत्नी अकरम निवासी गढ़ जलालाबाद, शामली बताए गए हैं। लोगों द्वारा घायलों को बाहर निकालने के कुछ ही क्षण बाद कार में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में नाजिम और रजिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नाजो को तत्काल जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर भेजा गया। बाद में परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए भोपा रोड स्थित आनंद हॉस्पिटल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts