मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह द्वारा जिला कारागार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुरुष और महिला बैरकों, रसोईघर तथा सुरक्षा उपकरणों की गहन जांच की। बंदियों को मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने और विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इसके अतिरिक्त, अधिकारियों ने पुरुष और महिला बंदियों से संवाद कर जेल में मिलने वाली सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर व कार्यालय में अभिलेखों के रखरखाव, मुलाकाती रजिस्टर की स्थिति और अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जैमर प्रणाली और सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता की जांच की गई।
इसके बाद कारागार परिसर स्थित अस्पताल का निरीक्षण किया गया, जहां दवाओं की उपलब्धता, ओपीडी व्यवस्था आदि की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी सुविधाएं बंदियों को समय पर और सही रूप में उपलब्ध कराई जाएं, शातिर बंदियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए, प्रतिबंधित सामग्री जेल परिसर में किसी भी स्थिति में प्रवेश न करे और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
अंत में जेल परिसर में तैनात पुलिस बल को ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी, क्षेत्राधिकारी नई मंडी रूपाली राव सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।















