बांदा। जिलाधिकारी जे. रीभा ने विकास खंड नरैनी और ग्राम पंचायत करतल में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम नहरी में वृक्षारोपण के लिए चिन्हित स्थल का भी जायज़ा लिया। निरीक्षण की शुरुआत में उन्होंने नरैनी विकास खंड के विभिन्न पटलों—मनरेगा सेल, खंड विकास अधिकारी कार्यालय, लेखाकार कक्ष एवं अन्य अनुभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने और मरम्मत योग्य हैंडपंपों को तत्काल ठीक कराने के आदेश भी दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों से संबंधित दस्तावेजों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर ज़ोर दिया और ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट के उचित निस्तारण हेतु प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।इसके अतिरिक्त उन्होंने एनआरएलएम के तहत स्व-सहायता समूहों को क्रेडिट लिंकेज प्रदान करने तथा बैंकों में लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इसके लिए बीएमएम की मदद से संबंधित बैंक शाखाओं से संपर्क स्थापित करने को कहा गया।
इसके पश्चात उन्होंने करतल स्थित आरआरसी सेंटर का निरीक्षण किया और सेंटर को शीघ्र चालू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मॉडल गांवों सहित अन्य राजस्व ग्रामों में कूड़ा निस्तारण के लिए आरआरसी केंद्रों के संचालन और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। जहां भी निर्माण अधूरा था, उसे शीघ्र पूर्ण कर संचालित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने खंड विकास अधिकारी को सप्ताहिक समीक्षा बैठकों के माध्यम से ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों एवं मनरेगा से जुड़े कार्यों की निगरानी कर समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया। फार्मर रजिस्ट्री और फैमिली आईडी निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने इसे शीघ्र पूर्ण करने का आदेश भी दिया।















