रामगढ़ उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिलकपुर में स्थित सीबीएसई से मान्यता प्राप्त आरबीएस सीनियर सेकेंडरी विद्यालय के वार्षिक उत्सव में राजस्थान के गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय में आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नियमित आधे घंटे संस्कारों की शिक्षा भी दी जाए ताकि बच्चे बड़ों का सम्मान करें और भारतीय संस्कृति को अपनाते हुए देश की उन्नति में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शिक्षा अच्छी है, लेकिन इसके प्रभाव से बच्चे पाश्चात्य संस्कृति की ओर झुक रहे हैं, जिससे परिवार प्रथा कमजोर हो रही है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन से अनुरोध किया कि विद्यार्थियों को संस्कारवान बनाते हुए उन्हें उच्च शिक्षा और सही मार्गदर्शन प्रदान करें, ताकि वे आईआईटी और नीट जैसी परीक्षाएं पास कर डॉक्टर और इंजीनियर बनें।
कार्यक्रम में विधायक सुखवंत सिंह ने गृहराज्य मंत्री के आगमन पर आभार जताया। वार्षिक उत्सव की शुरुआत विद्यालय चेयरमैन की पत्नी कमलादेवी यादव द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और बच्चों द्वारा गणेश वंदना से हुई। छोटे बच्चों ने धार्मिक और फिल्मी गानों पर रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिनका अभिभावकों ने तालियों से स्वागत किया।
मुख्य अतिथि जवाहर सिंह बेढम, विधायक सुखवंत सिंह और विद्यालय चेयरमैन रामसिंह यादव ने विद्यालय के मेधावी छात्रों और जिला एवं राज्य स्तर पर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभय प्रताप, पार्थ अग्रवाल, युवराज सिंह, साक्षी पटेल, रितिका लखीणा, कृष्टा शर्मा, प्रकृत भटावड़ा, निमित्त जैन, चेष्टा गुप्ता सहित अन्य विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में गोविंदगढ़ प्रधान गोपाल चौधरी, अमन यादव, शमशेर सिंह यादव सहित गणमान्य नागरिक, विद्यालय स्टाफ और सैकड़ों अभिभावक उपस्थित रहे।















