मुज़फ्फरनगर में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) मुज़फ्फरनगर चैप्टर के तत्वावधान में होटल प्लाजा, भोपा रोड पर एक भव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय था – “उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में एमएसएमई की सहभागिता”। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना मुख्य अतिथि और कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।दीप प्रज्ज्वलन के बाद आईआईए चेयरमैन पवन कुमार गोयल ने सभी का स्वागत करते हुए एमएसएमई सेक्टर की चुनौतियों पर विस्तार से बात की और एक ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने फैक्ट्री एक्ट से जुड़ी फायर एनओसी की बाध्यता समाप्त करने, लीगल मेट्रोलॉजी नियमों के सही क्रियान्वयन, नक्शा अप्रूवल की जटिलता दूर करने, पुरानी सब्सिडियों के भुगतान, डेवलपमेंट चार्ज कम करने और आरआरटीएस विस्तार जैसे मुद्दे उठाए।इससे पहले आईआईए के पदाधिकारियों और युवा इकाई के संयोजक अमन गुप्ता के नेतृत्व में युवा सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि उत्तर प्रदेश की विधानसभा अब देश की सबसे आधुनिक विधानसभाओं में शामिल है। उन्होंने एमएसएमई को देश की रीढ़ बताया और कहा कि अब युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि देने वाला बन चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उद्योग जगत की सभी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करेगी और समाधान हेतु कार्यवाही की जाएगी।कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में अब ईमानदार और पारदर्शी शासन है, जिससे व्यापारी वर्ग निडर होकर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आईटीआई संस्थानों में टाटा जैसे कॉर्पोरेट घरानों की मदद से आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं, ताकि योग्य मैनपावर तैयार हो सके। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बेरोजगारी की समस्या को केवल सरकार नहीं, बल्कि उद्योग व समाज मिलकर सुलझा सकते हैं।कार्यक्रम में प्लाजा होटल के स्वामी अजय जिंदल और शुभ जिंदल को “बिजनेस अचीवर्स अवार्ड” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व चेयरमैन विपुल भटनागर ने किया। सचिव अमित जैन ने एमएसएमई को सशक्त बनाने के लिए कॉलेज स्तर पर प्रैक्टिकल नॉलेज बढ़ाने और छात्रों को छोटे ऑर्डर दिए जाने का सुझाव दिया।गोष्ठी के अंत में मुख्य अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और कोषाध्यक्ष अनुज स्वरूप बंसल ने सभी का आभार व्यक्त किया। आईआईए के सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से उद्योगों और सरकार के बीच संवाद को मजबूत किया जाएगा।कार्यक्रम में आईआईए और अन्य संगठनों के अनेक उद्यमी, पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















