अलवर जिले के रामगढ़ उपखंड क्षेत्र में गुरु पूर्णिमा का पर्व बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। रामगढ़ कस्बा सहित ग्राम टोडली और करौली जागीर में विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
ग्राम टोडली स्थित श्री उदासीन मंगल आश्रम में महंत श्री श्री 108 ब्रह्म मुनि जी महाराज के सान्निध्य में बुधवार रात्रि को श्याम भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु एवं श्याम मंडल के सदस्य शामिल हुए। गुरुवार प्रातः आश्रम परिसर में हवन-यज्ञ, महा आरती और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर रिंकू बाबा, सैनी धीरज राणावत, खुशीराम गुर्जर, सुशील गुर्जर सहित अनेक सेवादारों ने सेवाएं दीं।
वहीं दूसरी ओर, करौली जागीर स्थित श्री श्री 108 बाबा नंदलाल जी महाराज के आश्रम पर भी गुरु पूर्णिमा पर भव्य आयोजन हुआ। भाजपा युवा नेता एडवोकेट मोहित जैन ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री राजस्थान भजनलाल शर्मा द्वारा संतों के सम्मान समारोह की घोषणा के अंतर्गत रामगढ़ तहसील में बाबा नंदलाल जी महाराज (करौली खालसा) और ब्रह्म मुनि जी महाराज (टोडली आश्रम) को सम्मान हेतु चयनित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की ओर से भेजा गया प्रशस्ति पत्र व सम्मान रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह व तहसीलदार अंकित गुप्ता द्वारा भेंट किया गया। कार्यक्रम में बाबा नंदलाल जी महाराज, मोहित जैन, विनोद सतीजा उर्फ शेरू, राकेश जैन, मनोज सतीजा, संजय सतीजा, हरि वर्मा, कुंदन वर्मा, अमरचंद वर्मा, अंकित शर्मा, सरवन चोपड़ा, लकी सिंह सहित मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे।















