सहारनपुर में जीआईएस सर्वे के जरिए टैक्स वृद्धि पर भड़की सपा, अखिलेश यादव को सौंपा ज्ञापन

सहारनपुर। नगर निगम द्वारा करवाए जा रहे जियोग्राफिक इन्फोर्मेशन सिस्टम (जीआईएस) सर्वे के आधार पर गृहकर और जलकर में की गई भारी वृद्धि के खिलाफ समाजवादी पार्टी का विरोध और तेज हो गया है। इसी सिलसिले में सपा के सहारनपुर नगर विधानसभा प्रभारी और पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा तथा जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी ने लखनऊ में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि नगर निगम ने शासनादेश के तहत एक निजी कंपनी से सैटेलाइट बेस्ड जीआईएस सर्वे कराया, जिसके आधार पर करों में असामान्य और अनुचित बढ़ोतरी कर दी गई है। इससे सहारनपुर के हजारों करदाताओं पर भारी आर्थिक बोझ पड़ा है।

सपा नेताओं ने बताया कि पार्टी इस जनविरोधी निर्णय का शुरू से विरोध कर रही है और इसको लेकर नगर निगम कार्यालय पर कई बार धरना-प्रदर्शन भी किया गया है। अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि यह “काला टैक्स कानून” जनता पर जबरन थोपा गया है, जबकि सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के कर्मचारी टैक्स कम करने के नाम पर जनता से अवैध वसूली कर रहे हैं।

फैसल सलमानी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ही इस मुद्दे पर जनता की आवाज को मजबूती से उठा रही है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को धन्यवाद देते हुए कहा कि पार्टी हर परिस्थिति में आम जनता के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts