अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पुरकाजी में मिशन महिला शक्ति कार्यक्रम का भव्य आयोजन

मुजफ्फरनगर के पुरकाजी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मिशन महिला शक्ति कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर पंचायत अध्यक्ष जहिर फारूकी ने किया, जिसमें हजारों महिलाओं की प्रभावशाली उपस्थिति देखने को मिली। आयोजन की खास बात यह रही कि उपस्थित महिलाओं ने एक साथ सामूहिक राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रभक्ति, महिला एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। पूरे हॉल में उत्साह और ऊर्जा का वातावरण बना रहा तथा महिलाओं ने बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बिजनौर लोकसभा सांसद की धर्मपत्नी यशिका चौहान रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में दिव्या वर्मा उपस्थित रहीं। नगर पंचायत अध्यक्ष की धर्मपत्नी तरन्नुम फारूकी ने मुख्य अतिथि का बुके देकर स्वागत किया। अपने संबोधन में यशिका चौहान ने कहा कि पुरकाजी पूरे उत्तर प्रदेश में हिंदू–मुस्लिम एकता की मिसाल बनकर उभरा है। उन्होंने नगर पंचायत द्वारा महिलाओं के सम्मान और उनके सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के लिए जिम जैसी सुविधा उपलब्ध कराने की पहल को सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने, आत्मनिर्भर बनने और समाज के सकारात्मक बदलाव में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

अध्यक्ष जहिर फारूकी ने अपने वक्तव्य में पुरकाजी में इंटर कॉलेज की आवश्यकता पर बल देते हुए बताया कि उन्होंने इंटर कॉलेज निर्माण के लिए अपनी ओर से आठ बीघा भूमि के कागजात प्रशासन को सौंप दिए हैं। उन्होंने मुख्य अतिथि से अनुरोध किया कि सांसद स्तर पर वार्ता कर पुरकाजी में इंटर कॉलेज की स्थापना को शीघ्र स्वीकृति दिलाई जाए। उन्होंने कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंची महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिला शक्ति ही समाज की वास्तविक शक्ति है।

कार्यक्रम में सभासद मोहम्मद इस्तखार की धर्मपत्नी साजिदा परवीन, सभासद शबनम, फरजाना, पूनम उपाध्याय, आंचल उपाध्याय, रानी सलमानी, काजल, नजराना सहित हजारों महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, शिक्षा के महत्व और सामाजिक सौहार्द का सशक्त संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने सराहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts