हरियाणा के झज्जर जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट अंशुल ने कथित तौर पर शक के चलते अपनी पत्नी महक की हत्या कर दी। आरोप है कि उसने पहले गला घोंटा और फिर कैंची से गर्दन काटकर हत्या को अंजाम दिया। इसके बाद खुद को बचाने के लिए उसने पूरी घटना को लूट की वारदात बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।जानकारी के मुताबिक, अंशुल गुरुग्राम में नौकरी करता है, जबकि महक एचडीएफसी बैंक में कार्यरत थीं। शादी को महज चार महीने हुए थे और महक दो महीने की गर्भवती थीं। रविवार 15 फरवरी की रात दोनों हांसी से गुरुग्राम लौट रहे थे। रास्ते में बादली कस्बे के पास यह वारदात हुई।
अंशुल ने पुलिस को बताया कि कुछ लुटेरों ने उन दोनों पर हमला किया, पत्नी की हत्या कर दी और कार लूट ले गए। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को उसकी कहानी में कई विरोधाभास मिले। कार कुछ दूरी पर ही बरामद हो गई और अंशुल बार-बार बयान बदलता रहा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।बादली थाना प्रभारी सुरेश कुमार के अनुसार, आरोपी ने हत्या के समय दस्ताने पहने हुए थे ताकि उसके उंगलियों के निशान न मिलें। पूछताछ में उसने बताया कि उसे पत्नी का अपने सहकर्मियों से बात करना पसंद नहीं था और इसी शक के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
मृतका की बहन श्रुति ने आरोप लगाया कि अंशुल ने पूरी साजिश के तहत हत्या की और वारदात के बाद सबसे पहले अपनी बहन और जीजा को फोन किया। परिवार ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। शुरुआती जांच में यह साफ है कि यह हत्या पूर्व नियोजित थी और आरोपी ने सबूत मिटाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अंततः पुलिस की सख्ती के आगे सच सामने आ गया।















