अजित पवार विमान हादसा: सीबीआई जांच की मांग तेज, रिकॉर्डर डेटा रिकवरी जारी

महाराष्ट्र की सियासत में उस समय हलचल तेज हो गई जब डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार और उनकी पार्टी के नेताओं ने अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत की सीबीआई जांच कराने की औपचारिक मांग कर दी। इस संबंध में मंगलवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने किया। इस दौरान सांसद प्रफुल पटेल, सांसद सुनील तटकरे, मंत्री हसन मुश्रीफ और युवा नेता पार्थ पवार भी मौजूद रहे।सुनील तटकरे ने बताया कि उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अजित दादा की मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग रखी गई है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि हादसे की सच्चाई सामने आनी चाहिए ताकि किसी भी तरह की आशंका या भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके।

गौरतलब है कि 28 जनवरी को अजित पवार का विमान बारामती के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। वह मुंबई से बारामती एक बैठक में शामिल होने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में उनके साथ पांच अन्य लोगों की भी जान चली गई। मृतकों में उनके सुरक्षा गार्ड विदीप जाधव, पायलट सुमित कपूर, शम्भावी पाठक और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली शामिल थीं। इस दुखद घटना को करीब तीन सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन मामले को लेकर राजनीतिक और पारिवारिक स्तर पर सवाल लगातार उठ रहे हैं।इसी बीच अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हादसे पर संदेह जताया है। उन्होंने दावा किया कि यह केवल विमान दुर्घटना नहीं बल्कि हिट एंड रन जैसा मामला हो सकता है। उन्होंने 28 जनवरी की घटनाओं का विस्तृत विवरण और कुछ कथित साक्ष्य भी सार्वजनिक किए।

दुर्घटना की जांच से जुड़ा एक बड़ा अपडेट भी सामने आया है। दुर्घटनाग्रस्त विमान के दोनों रिकॉर्डर आग और अत्यधिक तापमान से प्रभावित पाए गए हैं। फिलहाल विशेषज्ञ टीमें रिकॉर्डरों से डेटा रिकवर करने में जुटी हैं। साथ ही विमान जिस देश में निर्मित हुआ था, वहां के आधिकारिक प्रतिनिधियों से भी तकनीकी जानकारी मांगी गई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या निष्कर्ष सामने आते हैं और क्या मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाती है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts