राजस्थान : कोटा में जुड़वां भाइयों की डबल सफलता, JEE-मेन में एक ही शिफ्ट में 285 अंक हासिल

राजस्थान की करियर सिटी कोटा से एक बार फिर प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है। इस बार चर्चा जुड़वां भाइयों महरूफ अहमद खान और मसरूर अहमद खान की है, जिन्होंने JEE-मेन परीक्षा एक साथ और एक ही स्कोर से उत्तीर्ण कर सबको चौंका दिया। दोनों भाइयों ने 300 में से 285 अंक हासिल किए। खास बात यह रही कि दोनों ने एक ही सेंटर पर, एक ही शिफ्ट में परीक्षा दी और परिणाम भी समान रहा। ओडिशा के भुवनेश्वर से ताल्लुक रखने वाले ये दोनों भाई इंजीनियरिंग में करियर बनाने का सपना लेकर कोटा आए और यहां एलन करियर इंस्टीट्यूट में प्रवेश लेकर IIT-JEE की तैयारी शुरू की।

महरूफ और मसरूर का जन्म 7 मई 2008 को हुआ। बचपन से ही दोनों ने साथ पढ़ाई की और एक ही स्कूल से शिक्षा प्राप्त की। कोटा आने के बाद भी दोनों एक ही क्लास में साथ बैठे, समान रणनीति और टाइमटेबल के साथ तैयारी की। इनकी खासियत यह रही कि इनका मुकाबला किसी अन्य छात्र से नहीं बल्कि एक-दूसरे से रहा। हर टेस्ट में दोनों एक-दूसरे से बेहतर करने की कोशिश करते थे। यदि किसी के अंक कम आते, तो दूसरा उसे कमजोर टॉपिक समझाकर अगली परीक्षा के लिए तैयार करता। यही स्वस्थ प्रतिस्पर्धा उनकी सबसे बड़ी ताकत बनी।

इस सफलता के पीछे उनकी मां डॉ. जीनत बेगम का बड़ा योगदान है। वे ओडिशा में सरकारी सेवा में कार्यरत एक गाइनोलॉजिस्ट थीं, लेकिन बेटों के सपनों को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी। पिछले तीन वर्षों से वे कोटा में रहकर दोनों की पढ़ाई, दिनचर्या और स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रख रही हैं। मां के इस त्याग ने बेटों के हौसले को और मजबूत किया।

शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो महरूफ ने 10वीं में 95.2 प्रतिशत और मसरूर ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में दोनों करीब 30 से अधिक गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। दोनों का लक्ष्य आगे चलकर IIT मुंबई की कंप्यूटर साइंस शाखा से बीटेक करना है। उनकी यह सफलता न केवल कोटा बल्कि पूरे देश के छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts