मुजफ्फरनगर जनपद के जानसठ रोड स्थित आशादीप मुक बधिर संस्थान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां संस्थान को सफाई, स्वच्छता एवं शुद्ध पर्यावरण बनाए रखने की दृष्टि से उच्च गुणवत्ता का यंत्र वैक्यूम क्लीनर भेंट किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन गुडविल सोसायटी के सौजन्य से किया गया। गुडविल सोसायटी के अध्यक्ष सुरेंद्र अग्रवाल और सचिव होती लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में सोसायटी की टीम एवं आशादीप संस्थान के पदाधिकारियों की उपस्थिति में यह आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिव्यांग रक्षक विभाग के कैबिनेट मंत्री नरेंद्र कश्यप ने अपने कर कमलों से वैक्यूम क्लीनर भेंट कर संस्थान की स्वच्छता मुहिम को एक नई दिशा प्रदान की।समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि नरेंद्र कश्यप ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद गुडविल सोसायटी एवं आशादीप संस्थान के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर एवं शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम में जिला दिव्यांग अधिकारी दीक्षा उपाध्याय भी मौजूद रहीं। उन्होंने आशादीप संस्थान को विभागीय सहयोग का पूरा आश्वासन देते हुए संस्थान की गतिविधियों की सराहना की और कहा कि समाज में दिव्यांग बच्चों के लिए इस प्रकार की संस्थाएं अनुकरणीय कार्य कर रही हैं।इस अवसर पर आशादीप संस्थान के अध्यक्ष इंजीनियर लोकेश चंद्रा ने संस्थान की गतिविधियों और वहां चल रहे शैक्षणिक व सामाजिक कार्यक्रमों से उपस्थित गणमान्यजनों को अवगत कराया। वहीं गुडविल सोसायटी के अध्यक्ष सुरेंद्र अग्रवाल ने संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की समीक्षा की और समाजहित में उनकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।अपने उद्बोधन में कैबिनेट मंत्री नरेंद्र कश्यप ने गुडविल सोसायटी और आशादीप संस्थान दोनों की सेवा भावना और समाज कल्याण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भूरी–भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहलें न केवल संस्थानों के विकास में सहायक होती हैं बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देती हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार दिव्यांग बच्चों और उनके संस्थानों के विकास के लिए सदैव तत्पर रहेगी।कार्यक्रम में अनेक गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे, जिनमें राजेंद्र साहनी, श्यामलाल बंसल, नरेंद्र बंसल, राजेंद्र गोयल, बृजमोहन शर्मा, रमेशचंद्र सिंघल, टोनी बिंदल, एल.के. मित्तल, अवनीश मोहन तायल, विनोद संगल, देवेंद्र गर्ग, नरेश शर्मा, रामकुमार तायल, बी.एम. गुप्ता, बोहरनलाल, बी.आर. शर्मा, रुचि वर्मा, बी.बी. गुप्ता, रामवीर सिंह, एल.के. गुप्ता और के.के. शर्मा शामिल रहे। सभी उपस्थित अतिथियों ने संस्थान और सोसायटी की इस पहल को सराहा और इसे समाज में प्रेरणादायी बताया।इस प्रकार आशादीप मुक बधिर संस्थान में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक बना बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी प्रबल रूप से उजागर करने वाला साबित हुआ।















