मुजफ्फरनगर खतौली। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के सदस्य महिपाल वाल्मीकि ने आज मुजफ्फरनगर नगर पालिका एवं खतौली नगर पालिका का औचक दौरा किया। उनके पहुंचने पर नगर पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने पारंपरिक तरीके से बुग्गा भेंट कर स्वागत किया। दौरे के दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों और पालिका कर्मियों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं को गम्भीरता से सुना। मौके पर ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।वाल्मीकि ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर निकायों की रीढ़ हैं, उनके बिना स्वच्छता और नगर विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यस्थल पर कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और यदि कोई समस्या आती है तो उसका तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन को हिदायत दी कि सफाई कर्मचारियों और अन्य कर्मियों के मूलभूत अधिकारों तथा सुविधाओं की उपेक्षा कतई स्वीकार्य नहीं है।उन्होंने यह भी कहा कि आयोग का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है। इस दिशा में सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है और आयोग सुनिश्चित करता है कि निचले स्तर तक इन नीतियों का पालन हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे समय–समय पर कर्मचारियों से संवाद स्थापित करें, ताकि उनकी समस्याओं की जानकारी मिल सके और तत्काल समाधान निकाला जा सके।दौरे के दौरान कर्मचारियों ने वेतन भुगतान, कार्यस्थल पर सुविधाओं की कमी और उपकरणों की समस्याओं से अवगत कराया। इस पर वाल्मीकि ने नगर पालिका ईओ को निर्देशित किया कि वे तत्काल प्रभाव से आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों को स्वच्छता मिशन का सच्चा सिपाही माना जाता है, इसलिए उनके सम्मान और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र बिरला, आरुषि सुधा, डॉ. प्रदीप, सनी, सिलेलान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने वाल्मीकि के प्रयासों का स्वागत किया और कहा कि इस प्रकार के औचक दौरे से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान तेज गति से होगा। दौरे के अंत में वाल्मीकि ने नगर पालिका अधिकारियों को पुनः निर्देश दिया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए और सभी कर्मियों को उनके अधिकार समय पर मिलें।















