भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड
बुढाना ब्लॉक एवं बघरा ब्लॉक में अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है:नोडल अधिकारी।
मुजफ्फरनगर । जल शक्ति अभियान के अन्तर्गत भारत सरकार द्वारा नामित जनपद के नोडल अधिकारी संयुक्त सचिव, पी0एफ0सी0 अमित सिंह नेगी ने, आज पुनः विकास भवन सभागार में जल शक्ति अभियान के अंतर्गत ‘कैच द रेन’ नारी शक्ति से जल शक्ति थीम के सफल क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि हमें जल जीवन मिशन पर बहुत ही प्राथमिकता के साथ काम करना है जल निगम को निर्देश दिए की जो कार्य अपूर्ण है उसको समय से पूरा कर लिया जाए। जल की बचत हम सभी की जिम्मेदारी है अनावश्यक रुप से जल का दोहन न किया जाए ग्राम एवं शहरी तथा नगर पंचायत में लोगों को जल शक्ति मिशन के संबंध में पानी का महत्व समझा जाए तथा लोगों को जागरुक किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए की समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित कराया जाए जिसमें स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी ,आंगनवाड़ी के माध्यम से अथवा नुक्कड़ नाटक, एवं गोष्ठी ,के माध्यम से जल शक्ति अभियान का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार कराया जाए तथा लोगों को जागरूक किया जाए। अधिक से अधिक सोक पिट बनाई जाए और लोगों को पानी की आने वाली समस्याओं के बारे में बताया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए की पाइपलाइन और पानी की टंकी पर विशेष ध्यान देकर कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि बुढाना ब्लॉक एवं बघरा ब्लॉक में अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होने बताया कि जनपद में कई स्थानों का निरीक्षण किया गया है जो कि सतोंषजनक हैं। नोडल अधिकारी ने समीक्षा करते अधिकारियों को निर्देश दिये कि अमृत सरोवर योजना के अन्तर्गत विकास खण्ड स्तर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर तालाबों के जीर्णाेद्वार कराया जाये उनसे अतिक्रमण हटाकर वहां पर तालाबों में पानी भरने की व्यवस्था, तालाबों का सौंदर्यकरण, तालाब के किनारे वृ़क्षारोपण एवं वहां पर बैठने की व्यवस्था भी करायी जाए। उन्होने निर्देश दिये कि इस कार्य हेतु अधिक से अधिक आम जनमानस को जोडने की आवश्यकता है ताकि जल सरंक्षण किया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संदीप भगिया ने कहा कि महोदय द्वारा जो भी निर्देश प्राप्त हुए हैं उनका अक्षरसः अनुपालन किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संदीप भगिया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार सहित सभी संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।















