13 लाख की ठगी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार.

मुजफ्फरनगर पुलिस ने व्यापारी से 13 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से व्यापारी से ठगे गए 13 लाख रुपये नकद और 15 लाख रुपये के फर्जी नोट बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली नगर बृजेश शर्मा तथा एसओजी प्रभारी मोहित सिंह ने किया।

पुलिस के अनुसार, नॉर्थ सिविल लाइन निवासी व्यापारी संदीप कुच्छल की नॉवेल्टी चौक स्थित उत्तर प्रदेश मशीनरी स्टोर नाम से दुकान है। वह दिल्ली से व्यापारिक सामान खरीदते हैं और वहां के व्यापारी विपुल से उनका नियमित लेन-देन था। इसी दौरान आर.के. शर्मा नामक व्यक्ति ने व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर कमीशन पर नकद रुपये सुरक्षित पहुंचाने की बात कही। शुरुआत में दो-तीन बार रुपये सही तरीके से भेजे जाने पर व्यापारी को उस पर भरोसा हो गया। बाद में व्यापारी ने दिल्ली में विपुल को 15 लाख रुपये भिजवाने के लिए आर.के. शर्मा से संपर्क किया। आरोप है कि आर.के. शर्मा ने विपुल को जो रकम भेजी, उसमें नोटों की गड्डियों के ऊपर और नीचे असली 500 रुपये के नोट तथा बीच में सफेद कागज रख दिए, जबकि व्यापारी से 13 लाख रुपये नकद ले लिए गए। इस प्रकार व्यापारी के साथ 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।

पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली नगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर एसओजी और थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने राजस्थान तक आरोपियों का पीछा किया और लगातार निगरानी के बाद 24 जुलाई को न्यू गुडलक पैलेस, न्याजूपुरा क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 13 लाख रुपये नकद और 15 लाख रुपये के फर्जी नोट बरामद हुए। पूछताछ में गिरोह द्वारा इसी तरह लोगों का विश्वास जीतकर बड़ी रकम की ठगी करने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने मुकदमे में अन्य धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित वारदातों के संबंध में भी जांच जारी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts