कांवड़ ड्यूटी के दौरान स्ट्रीट लाइट ठीक करते समय करंट से कर्मचारी की मौत,

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। नगर पालिका परिषद के पथ प्रकाश विभाग में ठेका कंपनी के माध्यम से कार्यरत 24 वर्षीय कर्मचारी हर्ष की स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। नई मंडी थाना क्षेत्र के रथेड़ी गांव निवासी हर्ष करीब एक वर्ष से ठेका कंपनी के जरिए हेल्पर के पद पर कार्यरत था। शुक्रवार सुबह वह रेदासपुरी क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के कार्य में लगा था। इसी दौरान अचानक वह बिजली की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। साथी कर्मचारी उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए तथा नगर पालिका प्रशासन और संबंधित ठेका कंपनी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों से जोखिमपूर्ण विद्युत कार्य तो कराया जाता है, लेकिन उन्हें सुरक्षा किट, इंसुलेटेड उपकरण और अन्य आवश्यक सुरक्षा साधन उपलब्ध नहीं कराए जाते।

उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो हर्ष की जान बच सकती थी। आक्रोशित परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद नगर पालिका की कार्यप्रणाली, ठेका व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts