मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने शुक्रवार को जनपद मुजफ्फरनगर का भ्रमण किया। अपने दौरे की शुरुआत में उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान से शिष्टाचार भेंट की और क्षेत्र के विकास कार्यों एवं मत्स्य विभाग की गतिविधियों पर विचार-विमर्श किया। इसके बाद निरीक्षण भवन में मत्स्य विभाग की संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के अधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मंत्री डॉ. निषाद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी मत्स्य परियोजनाओं का संचालन सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ हर पात्र मत्स्य पालक तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे। उन्होंने कहा कि मत्स्य किसानों को नवीनतम तकनीकी जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान करना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे वे मत्स्य उत्पादन में अधिक लाभ अर्जित कर सकें।
मंत्री ने यह भी निर्देशित किया कि जिले में उत्तर प्रदेश मत्स्यपालक कल्याण कोष सहित मत्स्य विभाग की सभी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे लाभान्वित हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को मत्स्य किसानों के लिए मत्स्य पालन किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, जिससे उन्हें वित्तीय सहायता और सुविधाएं आसानी से प्राप्त हो सकें।
डॉ. निषाद ने यह भी कहा कि मत्स्य विभाग द्वारा सभी मत्स्य किसानों का नियमित प्रशिक्षण कराया जाए ताकि उन्हें आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों की जानकारी हो। साथ ही उन्होंने जिले के मत्स्य पालकों को “नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म” पर पंजीकृत किए जाने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग, लीड बैंक मैनेजर, सहायक निदेशक मत्स्य मुजफ्फरनगर तथा मत्स्य विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मंत्री के दौरे से मत्स्य किसानों में उत्साह का माहौल देखा गया और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नई ऊर्जा का संचार हुआ।















