मुजफ्फरनगर के डीएवी इंटर कॉलेज में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा प्रायोजित तथा गोल्डन पीकॉक फाउंडेशन मुजफ्फरनगर द्वारा आयोजित संविधान दिवस 2025 के उपलक्ष्य में निबंध एवं कला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके अंदर विकसित भारत 2047 के सपनों को सृजनात्मक रूप में प्रस्तुत करने को प्रेरित करना था। प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और “हमारा संविधान हमारी शक्ति – विकसित भारत 2047 का मार्ग” विषय पर अपनी सोच को निबंध और पेंटिंग के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभाशाली छात्रों ने अपनी समझ, अभिव्यक्ति क्षमता और संविधान के गहन अध्ययन को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया। परिणामों में 12 H के वंश वर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। 12 E की माही वर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि 11 E की तनिषा बंसल ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज कराया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में भी छात्रों ने अपने रंगों और विचारों से संविधान के महत्व तथा विकसित भारत की आकांक्षाओं को जीवंत रूप दिया। 12 C के रुद्राक्ष सोहनियां ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 11 I के तेजस ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि 12 I की मुस्कान ने तृतीय स्थान पाकर अपनी कलात्मक क्षमता का परिचय दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अर्चना कश्यप, शाहवेज और डॉक्टर रूही जावेद का विशेष योगदान रहा। संपूर्ण आयोजन का संयोजन कला प्रवक्ता प्रवीण कुमार सैनी और हिंदी प्रवक्ता रामकिशन यादव ने किया, जिनकी मेहनत ने कार्यक्रम को सफल रूप प्रदान किया। अंत में उप प्रधानाचार्य अरुण कुमार ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और आयोजन टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राजेश कुमार, रविन्द्र कुमार और जितेंद्र कुमार की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।















