नगर पंचायत शाहपुर के अधिशासी अधिकारी दीपक कुमार ने कस्बे में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें वार्ड नंबर तीन के सभासद मोहसिन रंगरेज द्वारा सफाई संबंधी शिकायत मिली, जिस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वार्ड में नालों की गंदगी और अव्यवस्था देखकर अधिशासी अधिकारी ने सफाई नायक संदीप एवं राजीव मेहरा को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी कर्मचारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने पर वेतन काटा जाएगा।
निरीक्षण के बाद ईओ अमृत सरोवर भी पहुंचे, जहां की गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था देखकर वे बेहद नाराज हुए। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को चेताया कि यदि सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था सुधारने में लापरवाही बरती गई, तो एक महीने की तनख्वाह रोक दी जाएगी। ईओ ने कहा कि नगर की स्वच्छता में किसी भी तरह की कोताही अब सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश देते हुए कर्मचारियों को सतर्क रहने को कहा।















