छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच की आंच अब राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तक पहुंच गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह भिलाई स्थित उनके निवास पर छापा मारा। इस कार्रवाई की जानकारी खुद बघेल ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए लिखा, “साहेब ने ईडी भेज दी।”
बताया जा रहा है कि राज्य के आबकारी विभाग से जुड़े इस घोटाले की रकम पहले 2100 करोड़ आंकी गई थी, लेकिन अब यह बढ़कर लगभग 3200 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। ईडी ने शराब कारोबारी विजय अग्रवाल के ठिकानों पर भी छापेमारी की, जिन्हें पूर्व मुख्यमंत्री का करीबी माना जाता है। इस कार्रवाई से राज्य की सियासत में हलचल मच गई है और विपक्षी दल इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बता रहे हैं।















