दिल्ली में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देकर दहशत फैलाने की कोशिश की गई है। गुरुवार सुबह राजधानी के करीब 20 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। धमकी मिलने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया और पुलिस तथा बम निरोधक दस्तों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया।
पश्चिम विहार इलाके में स्थित रिचमंड ग्लोबल स्कूल और रोहिणी सेक्टर-3 स्थित अभिनव पब्लिक स्कूल समेत अन्य कई स्कूलों को खाली कराकर बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जांच एजेंसियां मेल की सत्यता की पुष्टि करने और धमकी देने वालों का पता लगाने में जुट गई हैं। फिलहाल सभी स्कूलों की गहन तलाशी ली जा रही है, हालांकि अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली के स्कूलों को इस तरह की धमकी मिली हो। हाल के महीनों में इस तरह की घटनाएं कई बार हो चुकी हैं, जिससे अभिभावकों और विद्यार्थियों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा।















