ED ने सुरेश रैना और शिखर धवन की ₹11.14 करोड़ की संपत्ति जब्त की, 1xBet सट्टेबाजी घोटाले से जुड़ा मामला

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA), 2002 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन की कुल ₹11.14 करोड़ की संपत्ति अस्थायी रूप से जब्त कर ली है। जांच एजेंसी के मुताबिक, जब्त संपत्तियों में रैना के नाम पर ₹6.64 करोड़ के म्यूचुअल फंड निवेश और धवन के नाम पर ₹4.5 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है। यह कार्रवाई गैरकानूनी ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet से जुड़े मामले में की गई है। ईडी की जांच कई राज्यों में दर्ज एफआईआर पर आधारित है, जिसमें खुलासा हुआ कि 1xBet और उसके सहयोगी ब्रांड 1xBat तथा 1xBat Sporting Lines भारत में बिना अनुमति के सट्टेबाजी और जुए का प्रचार कर रहे थे। जांच में पाया गया कि सुरेश रैना और शिखर धवन ने विदेशी कंपनियों के साथ मिलकर इन प्लेटफॉर्म्स का प्रचार किया था और इसके बदले उन्हें विदेशी रास्तों से भुगतान किया गया। ईडी के अनुसार, ये भुगतान अवैध सट्टेबाजी से अर्जित धन से किए गए थे, जिनकी वास्तविक पहचान छिपाने के लिए जटिल वित्तीय लेनदेन का सहारा लिया गया।

जांच में क्या सामने आया

  • 1xBet भारत में हजारों फर्जी (म्यूल) बैंक खातों के ज़रिए पैसों का लेनदेन कर रहा था.
  • अब तक 6000 से ज़्यादा फर्जी खाते सामने आए हैं.
  • इन खातों के ज़रिए सट्टेबाजी की रकम को अलग-अलग पेमेंट गेटवे से गुज़ारकर असली स्रोत छिपाया गया.
  • जांच में पाया गया कि कई पेमेंट गेटवे बिना KYC वेरिफिकेशन के ही व्यापारी (मर्चेंट) जोड़ रहे थे.
  • मनी लॉन्ड्रिंग का कुल ट्रेल ₹1000 करोड़ से ज़्यादा का है.

ED की कार्रवाई

ईडी ने इस केस में चार पेमेंट गेटवे पर छापेमारी की है और 60 से ज़्यादा बैंक अकाउंट्स को फ्रीज़ किया है. अब तक 4 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम फ्रीज की जा चुकी है. ईडी ने आम लोगों को आगाह किया है कि वे किसी भी तरह के ऑनलाइन सट्टेबाजी या जुए के प्रचार या निवेश से दूर रहें. ईडी ने कहा कि गैरकानूनी सट्टेबाजी और जुआ न सिर्फ आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि मनी लॉन्ड्रिंग और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को भी बढ़ावा देते हैं. लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन विज्ञापन या ट्रांजैक्शन की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस या ईडी को दें.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts