खतौली में दो पक्षों में फायरिंग, पुलिस ने दो आरोपियों को अवैध असलहों सहित दबोचा

मुजफ्फरनगर। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी खतौली राम आशीष यादव और प्रभारी निरीक्षक खतौली दिनेश चन्द्र के नेतृत्व में थाना खतौली पुलिस ने बीती रात दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग की घटना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अवैध असलहों सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को देर रात सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम भूड़ क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मारपीट और अवैध शस्त्रों से फायरिंग की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना खतौली पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल था। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दोनों पक्षों को चेतावनी दी, लेकिन आपसी रंजिश के कारण दोनों पक्ष फायरिंग जारी रखते रहे। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए साहस और तत्परता दिखाते हुए मौके पर घेराबंदी की और दोनों पक्षों के मुख्य आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रथम पक्ष से रोहित पुत्र निर्भय निवासी मोहल्ला अद्वैत विहार थाना खतौली और द्वितीय पक्ष से अंकुर पुत्र दिनेश निवासी मोहल्ला गीतापुरी भूड़ कस्बा खतौली के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से अवैध असलहे बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है और दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना खतौली में मुकदमा अपराध संख्या 416/2025 पंजीकृत किया है। उनके खिलाफ बीएनएस की धाराएं 191(1), 191(2), 191(3), 125, 109(1), साथ ही 7 सीएलए एक्ट और 3/25/27 आयुद्ध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की आपराधिक घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस की गश्त और बढ़ा दी गई है।इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस के प्रति स्थानीय नागरिकों में विश्वास और बढ़ा है। लोगों ने राहत की सांस ली है कि पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर बड़ी घटना को टाल दिया। फिलहाल थाना खतौली पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts