सर्दियों में ऊनी कपड़ों से जिद्दी दाग हटाने के आसान घरेलू उपाय

सर्दी का मौसम शुरू होते ही लोग अपनी अलमारी से ऊनी कपड़े निकालने लगते हैं। लंबे समय तक बंद पड़े इन कपड़ों को पहनने से पहले साफ करना जरूरी होता है, लेकिन रोज पहनने के बाद हर बार धोना संभव नहीं होता। भारी और ऊनी कपड़े सूखने में ज्यादा समय लेते हैं और बार-बार धोने से इनके रेशे कमजोर हो जाते हैं, कपड़ा सिकुड़ सकता है और उसकी फिनिश भी खराब हो सकती है। ऐसे में घरेलू उपायों से दाग हटाना सबसे सुरक्षित और आसान तरीका है।

सबसे पहले ध्यान रखें कि जैसे ही स्वेटर या किसी भी ऊनी कपड़े पर दाग लगे, उसे तुरंत साफ करने की कोशिश करें। दाग जितना पुराना होगा, उसे हटाना उतना ही मुश्किल होगा। दाग को कभी भी रगड़ें नहीं, क्योंकि इससे फैब्रिक खराब हो सकता है। इसके बजाय माइक्रोफाइबर या सूती कपड़े को हल्के गुनगुने पानी में भिगोकर दाग पर धीरे-धीरे दबाएं। इससे दाग कपड़े में ट्रांसफर होने लगेगा।

अगर दाग थोड़ा जिद्दी हो, तो सफेद सिरका काफी कारगर है। एक कटोरी में 1 चम्मच सिरका और 3-4 चम्मच पानी मिलाएं। सॉफ्ट कपड़ा भिगोकर दाग पर हल्के हाथों से दबाएं और 5-10 मिनट छोड़ दें। फिर सूखे कपड़े से ब्लॉट करें। यह पसीने, खाने-पीने और हल्के दागों पर असरदार है।

तेल के दागों के लिए बेकिंग सोडा, कॉर्नस्टार्च या टैल्कम पाउडर बेहतरीन विकल्प हैं। दाग पर इनका पाउडर मोटी परत में लगाएं और कुछ घंटों के लिए छोड़ दें। पाउडर तेल सोख लेता है, जिसे बाद में ब्रश से आसानी से साफ किया जा सकता है।

मार्केट में वूल-सेफ स्टेन रिमूवर भी उपलब्ध हैं, जिन्हें दाग पर हल्का स्प्रे करके 5 मिनट छोड़ दें और माइक्रोफाइबर कपड़े से साफ कर दें। किसी भी उपाय को अपनाने से पहले एक छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट जरूर करें, ताकि फैब्रिक को नुकसान न हो। इन आसान तरीकों से आप बिना धोए भी ऊनी कपड़ों को फिर से साफ और ताज़ा बना सकते हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts