अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के काला कुआं इलाके में जल सप्लाई निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता सुनील कुमार यादव और कनिष्ठ अभियंता मोहित गुर्जर पर चाकू से हमला किया गया। घटना रविवार सुबह विवेकानंद नगर सेक्टर-4 में हुई, जब एसडीएम के साथ काला कुआं फीडर का दौरा करने के बाद अभियंता और कर्मचारी जल आपूर्ति जांचने पहुंचे।
इसी दौरान स्थानीय निवासी मोनू नामक युवक ने अभियंताओं से चाबी छीन ली और गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने चाकू निकालकर दोनों अभियंताओं पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट लग गई। हमले में कनिष्ठ अभियंता का चश्मा भी टूट गया। जान बचाने के लिए अभियंता मौके से भागकर अरावली विहार थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला और राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज कराया।
सहायक अभियंता सुनील कुमार यादव ने कहा कि यदि वे समय पर नहीं भागते, तो आरोपी उनकी जान भी ले सकता था। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के दौरान स्थानीय लोग मूकदर्शक बने रहे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।















