मुजफ्फरनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने लोकसभा में उत्तर भारत में तेजी से फैल रहे ड्रग माफिया के नेटवर्क का गंभीर मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार से तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सदन में कहा कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में ड्रग माफिया का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है, जो समाज के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति पैदा कर रहा है। सांसद मलिक ने विशेष रूप से इस बात पर चिंता जताई कि अब यह नेटवर्क केवल सीमित क्षेत्रों तक नहीं रह गया है, बल्कि स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय जैसे शिक्षा संस्थानों तक भी अपनी पहुंच बना चुका है। इससे युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है और समाज की नींव कमजोर हो रही है।
उन्होंने कहा कि नशे का बढ़ता प्रचलन युवाओं को अपराध और बर्बादी की ओर धकेल रहा है, जिससे न केवल परिवार बल्कि पूरा समाज प्रभावित हो रहा है। सांसद मलिक ने सरकार और संबंधित एजेंसियों से अपील की कि इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए ठोस रणनीति बनाई जाए और जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शिक्षा संस्थानों को ड्रग्स के इस जाल से मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाने की भी मांग की।
सांसद ने मुजफ्फरनगर जनपद के भोपा थाना क्षेत्र के ग्राम अथाई निवासी दिव्यांशु जटराणा की देहरादून में कथित तौर पर ड्रग माफिया द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताते हुए कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए खतरे का संकेत है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही या संभावित मिलीभगत के चलते ऐसे माफिया बेखौफ होकर अपने नेटवर्क को बढ़ा रहे हैं।
मलिक ने सरकार से मांग की कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और ड्रग माफिया के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अभियान चलाया जाए, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित किया जा सके और समाज को इस गंभीर संकट से बचाया जा सके।















