मुजफ्फरनगर के प्रभारी मंत्री, ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के भ्रमण कार्यक्रम के तहत आज विकास खंड खतौली की ग्राम पंचायत नावला के पंचायत सचिवालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम वासियों से संवाद किया गया और केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मंत्री ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में ग्राम प्रधान द्वारा किए गए विकास कार्यों और पंचायत सचिवालय के सौंदर्यकरण पर मंत्री ने बधाई दी। भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी ने स्वच्छ भारत अभियान में ग्राम पंचायत के योगदान की सराहना की। जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों को उनके गांव की स्वच्छता के लिए बधाई दी और ग्राम प्रधान को सम्मानित करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्रामवासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।















