मुज़फ्फरनगर। जिला क्षय रोग केंद्र में अबाउट लाइफ फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में डॉ. आलो कुमार एवं उनकी टीम ने 30 टीबी मरीजों को गोद लिया। इस अवसर पर सभी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई, जिससे उनका मनोबल बढ़ाया जा सके। कार्यक्रम में डॉ. शैलेश जैन (जिला क्षय रोग अधिकारी), डॉ. अरविंद (WHO परामर्शदाता), डॉ. करण पंवार (एमओ), हेमंत यादव, संजीव सहित जिला क्षय रोग केंद्र की टीम मौजूद रही। गोद लिए गए मरीज मुख्य रूप से रामपुरी और भरतिया कॉलोनी के रहने वाले थे। इन क्षेत्रों में एसटीएस समीर और टीबीएचवी मुकुल की अहम भूमिका रही। चिकित्सा अधिकारियों ने मरीजों से समय पर दवा लेने और पोषण पोटली का सही उपयोग करने की अपील की। उन्हें यह भी जानकारी दी गई कि इलाज के दौरान सरकार PFMS के माध्यम से हर माह ₹1000 की आर्थिक सहायता भी देती है। कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को मानसिक, सामाजिक और पोषण संबंधी सहयोग देकर इलाज की ओर प्रेरित करना था।















