मुज़फ़्फरनगर में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित यातायात सभागार में एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुशील मिश्रा तथा प्रभारी उपनिरीक्षक यातायात इन्द्रजीत सिंह ने गन्ना मिल प्रबंधकों, ट्रांसपोर्टरों एवं वाहन चालकों के साथ संवाद किया। गोष्ठी में अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से बताया कि मालवाहक वाहनों में ओवरलोडिंग पूरी तरह से प्रतिबंधित है और इसका उल्लंघन दुर्घटनाओं को न्योता देता है। उन्होंने कहा कि गन्ने का परिवहन करने वाले वाहन चालक निर्धारित उंचाई और क्षमता के अनुसार ही लोड करें। साथ ही, सभी परिवहन वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने और निर्धारित गति सीमा में चलने के निर्देश दिए गए। चेतावनी दी गई कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















