बाँदा की तहसील सदर में जिलाधिकारी जे. रीभा की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 57 जनशिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ किया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। मौके पर ही 06 शिकायतों का निस्तारण संबंधित अधिकारियों से कराया गया। डीएम ने महोखर में भूमि अंश निर्धारण प्रकरण पर लेखपाल को चेतावनी देते हुए दो दिन में निस्तारण का आदेश दिया। खांईपार में नाली सफाई और कल्याणपुर में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। राजस्व अधिकारियों को भूमि पैमाइश मामलों में फोटो और साक्ष्य संजोने की बात कही गई। मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण की शिकायत पर त्वरित कार्यवाही के आदेश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें सुनीं और निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम अमित शुक्ला, नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















