राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोर में जिला निरीक्षण समिति ने किया त्रैमासिक निरीक्षण,

मुज़फ्फरनगर में जिला निरीक्षण समिति द्वारा राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का त्रैमासिक निरीक्षण संपन्न हुआ। इस निरीक्षण में समिति के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक (अपराध) इंदु सिद्धार्थ, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार एवं डॉ. विपिन कुमार (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी), विशेष किशोर पुलिस इकाई के प्रभारी सर्वेश कुमार, डॉ. अर्पण जैन, निधि भार्गव और शावेज शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान समिति द्वारा संस्था में रह रहे किशोरों की आवासीय व्यवस्था, भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा प्रबंधन, साफ-सफाई तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहनता से जांच की गई। समिति के सदस्यों ने किशोरों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त की।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने संस्था प्रभारी को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम को देखते हुए विशेष रूप से सफाई व्यवस्था, शुद्ध पेयजल और ताजा भोजन पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किशोरों को मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए ताकि उनके स्वास्थ्य में किसी प्रकार की समस्या न उत्पन्न हो।

पुलिस अधीक्षक (अपराध) इंदु सिद्धार्थ ने संस्था प्रभारी मोहित कुमार को निर्देश दिए कि नियमित निरीक्षण की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए और इसकी जानकारी निरीक्षण पंजिका में विधिवत दर्ज की जाए। साथ ही संस्था में निरुद्ध किशोरों को निरंतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए।

निरीक्षण के समय जिला प्रोबेशन कार्यालय से आंकड़ा विश्लेषक सचिन कुमार भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त संप्रेक्षण गृह का स्टाफ एवं सुरक्षा कर्मी भी निरीक्षण प्रक्रिया में सम्मिलित रहे। समिति ने संपूर्ण निरीक्षण के बाद संस्था की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए कई उपयोगी सुझाव दिए, ताकि किशोरों को सुरक्षित, स्वस्थ और संवेदनशील वातावरण प्रदान किया जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts