जिलाधिकारी और एसएसपी ने किया जिला कारागार का गहन निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जिला कारागार का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल के विभिन्न हिस्सों का गहन अवलोकन किया, जिसमें पुरुष व महिला बैरकें, रसोईघर, अस्पताल, कार्यालय कक्ष और सुरक्षा से जुड़े उपकरण शामिल थे। अधिकारियों ने बैरकों की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए वहां रह रहे बंदियों को मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। रसोईघर में भोजन बनाने की प्रक्रिया को बारीकी से देखा गया और सुनिश्चित किया गया कि किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने महिला और पुरुष बंदियों से संवाद कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। बंदियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक सुविधाएं शासन की मंशा के अनुरूप समय पर और गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान कारागार के विभिन्न अभिलेखों, मुलाकाती रजिस्टर, ओपीडी पंजी और दवाओं की उपलब्धता की भी जांच की गई। अस्पताल में इलाज की प्रक्रिया, दवाओं की स्थिति और डॉक्टरों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए कि बंदियों के इलाज में कोई लापरवाही या देरी न हो।

सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत जेल में लगे सीसीटीवी कैमरों और जैमर प्रणाली की कार्यप्रणाली को भी जांचा गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि जेल परिसर में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तु प्रवेश न करने पाए। उन्होंने शातिर अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अंत में कारागार में तैनात पुलिस बल को उनकी ड्यूटी के प्रति सजग और सतर्क रहने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस निरीक्षण का उद्देश्य न केवल व्यवस्थाओं की समीक्षा करना था, बल्कि बंदियों को मानवीय आधार पर मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं की स्थिति को भी समझना था।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts