माटीकला जागरूकता कार्यक्रम में 36 कारीगरों को निःशुल्क टूल किट्स का वितरण

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड, मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में कम्बल कारखाना, रूड़की रोड स्थित प्रांगण में एक दिवसीय माटीकला जागरूकता एवं निःशुल्क टूल किट्स वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा ने की, जबकि नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य परंपरागत माटीकला से जुड़े कारीगरों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके कार्य को सशक्त बनाना तथा उन्हें विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सोमप्रकाश ने पुष्प गुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सभी अतिथियों का स्वागत किया। अपने संबोधन में अध्यक्षता कर रहीं वंदना वर्मा ने कहा कि माटीकला हमारी सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे संरक्षित और प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कारीगरों से आह्वान किया कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें। विशिष्ट अतिथि मीनाक्षी स्वरूप ने भी कारीगरों को आधुनिक तकनीक अपनाने और उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने पर बल दिया।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 20 चयनित माटीकला कामगारों को निःशुल्क विद्युत चालित चाक वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त 6 कारीगरों को पगमिल मशीन तथा 10 चयनित लाभार्थियों को पॉपकार्न मेकिंग मशीन प्रदान की गई। आधुनिक उपकरण प्राप्त कर कारीगरों में उत्साह देखने को मिला। लाभार्थियों ने कहा कि इन मशीनों से उनके कार्य की गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा, जिससे आय में वृद्धि की संभावना बढ़ेगी।

जागरूकता कार्यक्रम में माटीकला बोर्ड एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ज्योति प्रजापति, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अनील सिंह, जिला उद्योग केंद्र के सलीम, पूर्व जिला ग्रामोद्योग अधिकारी राजबीर सिंह तथा पूर्व सहायक विकास अधिकारी टीपी सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कारीगरों को स्वरोजगार योजनाओं, ऋण सुविधाओं और विपणन सहायता के विषय में जानकारी दी। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। आयोजन ने माटीकला कारीगरों को नई दिशा और प्रेरणा प्रदान की।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts