मुजफ्फरनगर में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त विशेष रोल प्रेक्षक निखिल गजराज, संयुक्त सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, निर्माण भवन, नई दिल्ली की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव और उनके प्रतिनिधियों के साथ-साथ सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करना तथा इसमें आने वाली समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से विचार-विमर्श करना रहा।
विशेष रोल प्रेक्षक ने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि प्रत्येक अर्ह नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज हो तथा कोई भी अनर्ह व्यक्ति सूची में शामिल न हो पाए। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि वे पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग दें और जमीनी स्तर पर आने वाली कठिनाइयों को प्रशासन के साथ साझा करें, ताकि समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा राजनीतिक दलों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष रूप से नो मैपिंग वाले मतदाताओं के सत्यापन और अभिलेखीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया गया। प्रेक्षक ने कहा कि ऐसे मतदाताओं से संवाद स्थापित कर उनकी जानकारी का सही तरीके से पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को समुचित प्रशिक्षण दिलाने तथा बूथ लेवल अधिकारियों की सहायता के लिए अतिरिक्त सहायक तैनात करने के निर्देश भी दिए, जिससे पुनरीक्षण कार्य अधिक प्रभावी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, उप जिलाधिकारी बुढ़ाना कृष्णकांत विश्वकर्मा, उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप जिलाधिकारी खतौली निकिता शर्मा, उप जिलाधिकारी जानसठ राजकुमार तथा उप जिलाधिकारी मुख्यालय राहुल देव भट्ट उपस्थित रहे। विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जिया चौधरी और साजिद हसन, सोमपाल सिंह, भारतीय जनता पार्टी के ओम प्रकाश उपाध्याय, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के सुभाष, बहुजन समाज पार्टी के इंतजार अली और सुभाष चंद गौतम तथा आम आदमी पार्टी के कैसर अली एडवोकेट ने सहभागिता कर अपने सुझाव रखे। बैठक शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई।















