श्रीराम कॉलेज के वार्षिकोत्सव पर विवाद, समाजसेवी मनीष चौधरी ने जताया रोष

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने श्रीराम कॉलेज के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कॉलेज प्रबंधन को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि वार्षिकोत्सव में अश्लीलता परोसकर समाज को दूषित करने का प्रयास किया गया, जिससे समाज में रोष व्याप्त है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से किन्नर समाज का अपमान किया गया, लेकिन कॉलेज प्रशासन व शिक्षा विभाग ने इस पर कोई खेद व्यक्त नहीं किया और न ही कोई ठोस कदम उठाया, जो अत्यंत निंदनीय है।मनीष चौधरी ने अपने प्रेस बयान में कहा कि श्रीराम कॉलेज का इतिहास विवादों से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षण संस्थानों को मंदिर का दर्जा दिया जाता है, जहां अनुशासन, संस्कार और संस्कृति के वातावरण में युवा पीढ़ी को अपने धर्म, देश और समाज से जोड़ा जाता है। लेकिन, श्रीराम कॉलेज ने इसके विपरीत अश्लीलता और बेशर्मी को बढ़ावा देकर छात्रों को भ्रमित करने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित वार्षिकोत्सव में कॉलेज प्रबंधन और प्रशासन ने कलाकारों एवं छात्र-छात्राओं के सहारे अश्लील और असामाजिक गतिविधियों को खुलेआम मंच प्रदान किया, जो सभ्य समाज में पूरी तरह अस्वीकार्य है। संस्था ने इस विषय पर शिक्षा विभाग और प्रशासन को पहले ही चेतावनी दी थी कि मंगलवार तक कोई कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। बावजूद इसके, कॉलेज के चेयरमैन डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ ने समाज के सामने आकर खेद व्यक्त नहीं किया, जिससे समाज में आक्रोश है।मनीष चौधरी ने आगे कहा कि संस्था ने निर्णय लिया है कि गुरुवार को प्रातः 11:15 बजे वह स्वयं संस्था के पदाधिकारी केपी चौधरी, फैजुरहमान और समाज के अन्य लोगों के साथ श्रीराम कॉलेज परिसर में पहुंचकर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इस आंदोलन में ब्राह्मण समाज सहित अन्य सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है। कुछ हिंदूवादी संगठनों और युवा संगठनों के पदाधिकारी भी इसमें शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन को भी इस कार्यक्रम की सूचना दे दी गई है। यदि आंदोलन के दौरान किसी भी व्यक्ति के साथ कोई अनुचित घटना घटित होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी। गुरुवार सुबह सभी लोग जीआईसी मैदान स्थित शहीद स्मारक पर एकत्रित होंगे और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद श्रीराम कॉलेज पहुंचेंगे।

मनीष चौधरी ने कहा कि यदि कॉलेज प्रबंधन हनुमान चालीसा पाठ के बाद भी इस घटना पर खेद व्यक्त नहीं करता है, तो बेमियादी आंदोलन प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने युवाओं और सनातन संस्कृति प्रेमियों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है, ताकि समाज को दूषित मानसिकता से बचाया जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts