सिरोही जिले के आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक स्कूल के सभागार में संस्कृत भारती की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जोधपुर प्रांत से आए प्रांत संपर्क प्रमुख महेश दाधीच और प्रांत पत्राचार प्रमुख दिनेश गौड़ ने भाग लिया। महेश दाधीच ने बैठक को संबोधित करते हुए वार्षिक कार्य योजना प्रस्तुत की और पिछले माह आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संस्कृत भारती एक अखिल भारतीय संगठन है, जो संस्कृत भाषा को जनभाषा बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन द्वारा चलाए जा रहे संभाषण शिविरों के माध्यम से संस्कृत को सरल व संवाद योग्य भाषा के रूप में आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।
बैठक में उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी विद्यालय स्तर पर सरल संस्कृत परीक्षा का आयोजन प्रांत स्तर पर किया जाएगा, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। वर्तमान में यह परीक्षा सिरोही जिले की सभी तहसीलों में आयोजित की जाती है। प्रांत पत्राचार प्रमुख दिनेश गौड़ ने जानकारी दी कि जो संस्कृत प्रेमी समयाभाव के कारण नियमित कक्षा में भाग नहीं ले सकते, उनके लिए पत्राचार माध्यम से संस्कृत शिक्षण की व्यवस्था भी उपलब्ध है।
बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और जिले में होने वाले आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर संस्कृत भारती सिरोही जनपद मंत्री दिनेश कुमार, जनपद सह मंत्री ललित कुमार गर्ग, जालौर विभाग संयोजक भंवरलाल मुंगिया, बाल केंद्र प्रमुख मनीष माली, जयदीप सिंह देवड़ा, कंचन गर्ग, प्रवीण कुमार और जसराज घांची सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















