रक्षाबंधन का पर्व नजदीक आते ही औरैया का लेडीज मार्केट पूरी तरह से त्योहारी रंग में रंग गया है। बाजार में राखियों के साथ-साथ महिलाओं की पसंद के कपड़े, चूड़ियां, श्रृंगार सामग्री, मेहंदी और गिफ्ट आइटम्स की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। दुकानदारों ने खास सजावट की है, जिससे बाजार का माहौल पूरी तरह रक्षाबंधन के उल्लास से भर गया है। चटक रंगों वाली राखियां, बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर राखियां, स्टोन-वर्क और डिजाइनर राखियों की काफी मांग देखी जा रही है। महिलाओं के लिए सलवार-सूट, साड़ी और ज्वेलरी की दुकानों पर भी खरीदारी जोरों पर है। ग्राहक सविता देवी ने बताया कि वे हर साल रक्षाबंधन से पहले यहीं से सारी तैयारियां करती हैं, क्योंकि यहां एक ही जगह सब कुछ मिल जाता है। बाजार में मेहंदी लगाने वालों की लंबी कतारें शाम के समय देखने को मिल रही हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के इंतजाम कड़े कर दिए हैं।















