नेत्र चिकित्सा शिविर में उमड़ी पूर्व सैनिकों की भीड़.

मुजफ्फरनगर। पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला सैनिक कार्यालय, सोल्जर बोर्ड मुजफ्फरनगर में विशाल निशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और उनके परिवार के सदस्यों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेजर जनरल सुमित राणा, जीओसी हेडक्वार्टर पुपसा रहे। इस अवसर पर एमएच मेरठ के कमांडेंट ब्रिग सीपी सिंह सहित सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और जिला सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।शिविर में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की टीम ने मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, कमजोर दृष्टि, चश्मे की आवश्यकता तथा अन्य नेत्र रोगों की आधुनिक उपकरणों से निशुल्क जांच की। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को दवाइयां भी नि:शुल्क वितरित की गईं और गंभीर रोगियों को आगे के उपचार के लिए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर के दौरान ब्रिग सीपी सिंह ने रक्त वाहिकाओं से संबंधित बीमारियों पर विशेष जानकारी देते हुए बताया कि समय पर पहचान और उपचार से कई गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और संतुलित खान-पान पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में अंगदान की महत्ता पर आयोजित विशेष जागरूकता सत्र आकर्षण का केंद्र रहा। चिकित्सकों ने बताया कि एक व्यक्ति अपने अंगदान के माध्यम से आठ लोगों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने आंख, किडनी, लीवर, हृदय सहित अन्य अंगों के दान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए समाज से इस पुनीत कार्य में आगे आने की अपील की। पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को अंगदान से जुड़े संकल्प पत्र भी भरवाए गए, जिससे लोगों में इस विषय के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके।मुख्य अतिथि मेजर जनरल सुमित राणा ने कहा कि सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, वहीं ऐसे स्वास्थ्य शिविर उनके और उनके परिवारों के स्वास्थ्य की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने अंगदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। शिविर में कुल 187 पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने स्वास्थ्य जांच कराई और अंगदान संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। अंत में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल चौहान (सेवानिवृत्त) ने सभी चिकित्सकों, सेना के अधिकारियों, सहयोगी संस्थाओं और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन जलपान के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts