मुजफ्फरनगर। निपुण भारत मिशन के तहत परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान में दक्ष बनाने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर और बिजनौर जनपद के शिक्षा विभाग के अधिकारियों की संयुक्त एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन देवराना होटल में किया गया। कार्यशाला राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित हुई, जिसमें दोनों जनपदों के खंड शिक्षा अधिकारी, स्टेट रिसोर्स ग्रुप (एसआरजी) और अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान डायट मुजफ्फरनगर के प्रभारी प्राचार्य हरकेश यादव, डायट बिजनौर की प्राचार्य डोली सिकरवार, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) सहारनपुर मंडल राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुजफ्फरनगर संदीप कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बिजनौर सचिन कसाना तथा वरिष्ठ प्रवक्ता योगेश शर्मा मौजूद रहे।
कार्यशाला में राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ की गुणवत्ता इकाई से आए विशेषज्ञ शुभम और जुनेद ने निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और आगामी सत्र की रणनीति पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि विद्यालयों को निपुण बनाने के लिए केवल योजनाओं का संचालन ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन, सतत मूल्यांकन और नियमित निगरानी पर भी विशेष ध्यान देना होगा। बैठक में क्रियाशील बाल वाटिकाओं के प्रभावी संचालन, बच्चों की सीखने की क्षमता में सुधार, मिशन की वर्तमान प्रगति, आगामी शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना तथा जनपदों को निपुण बनाने के लिए अपनाई जाने वाली नई रणनीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि निपुण भारत मिशन की सफलता शिक्षकों, शिक्षा अधिकारियों और समुदाय के सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी एसआरजी और एआरपी से विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाने के लिए नवाचारों को अपनाने, विकासात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने और अभिभावकों व समाज के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय को सीखने का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराकर मिशन के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से हासिल किया जा सकता है।कार्यशाला के समापन पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने उपस्थित सभी अधिकारियों और प्रतिभागियों को निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को सफल बनाने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक प्रशिक्षण सुशील कुमार ने किया। इस अवसर पर मंडलीय समन्वयक नीरज प्रताप सिंह सहित दोनों जनपदों के शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी एवं अकादमिक विशेषज्ञ उपस्थित रहे।























































