मुज़फ्फरनगर में कांवड़ यात्रा अब श्रद्धा और शिव भक्ति की अविरल धारा का रूप धारण कर चुकी है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया जा रहा है। शहरी क्षेत्र में शिव भक्तों की सुरक्षा, सेवा और सुविधा के उद्देश्य से शिव चौक स्थित गोल मार्किट में कांवड़ कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र का शुभारंभ शनिवार को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल और पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा भी मौजूद रहे।
कंट्रोल रूम से कांवड़ यात्रा की निगरानी की जा रही है, जहां 750 सीसीटीवी कैमरों की मदद से 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था पर नज़र रखी जा रही है। मंत्री अग्रवाल ने जनपद व नगर में शिवभक्तों के स्वागत और सुविधाओं की जानकारी साझा करते हुए संयम और शांति के साथ यात्रा पूरी करने की अपील की। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि अतिथि देवो भवः की परंपरा के तहत शिवभक्तों का स्वागत किया जा रहा है। नगर में 21.9 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग पर इमरजेंसी लाइट, सफाई कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में तैनाती, वाटर टैंकर, पेयजल स्टैंड पोस्ट, डिवाटरिंग सेट, कूड़ा निस्तारण के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं।
इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, सीओ सिटी राजू कुमार साव सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, पार्षद और स्थानीय लोग मौजूद रहे। नगर पालिका द्वारा कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।















